राजस्थान की बेटी मोनिका श्योराण ने अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप में जीता ब्रॉन्ज मेडल, देश और प्रदेश का नाम किया रोशन
1 min read
|










भादरा: राजस्थान की हनुमानगढ़ जिले की भादरा तहसील की बेटी मोनिका श्योराण ने अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप 2024 में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। यह प्रतियोगिता अल्बानिया में 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित की गई, जिसमें मोनिका ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने रोमानिया की पहलवान को 9-6, स्लोवाकिया की पहलवान को 3-1 और चीन की पहलवान को 5-3 के स्कोर से मात देकर कांस्य पदक हासिल किया।
राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष उम्मेद सिंह झाझड़िया ने मोनिका की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि “मोनिका ने कई बार देश का गौरव बढ़ाया है। इससे पहले भी मोनिका ने 2021 में सर्बिया के बेलग्रेड में आयोजित अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैम्पियनशिप, 2022 में तुर्की में बीच रेसलिंग वर्ल्ड सीरीज, और 2023 में अल्बानिया में आयोजित अंडर-23 चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता था“।
मोनिका के पिता, श्री. सोमबीर श्योराण, ने अपनी बेटी की इस कामयाबी पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “मोनिका ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है और वह उसकी मेहनत के लिए उसके साथ हैं। इस अवसर पर समाज और परिजनों में भी हर्ष का माहौल है”।
मोनिका की इस जीत पर कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी। राजस्थान के विधायक श्री. संजीव बेनीवाल ने मोनिका को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष यागवेन्द्र सिंह ने भी मोनिका को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है। मोनिका की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है, और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
मोनिका श्योराण ने अपने कोच और परिवार को इस सफलता का श्रेय दिया और कहा कि आगे भी वह अपने देश और प्रदेश के लिए मेहनत करती रहेंगी।
About The Author
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
Recent Comments