पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती का आयोजन।
1 min read
|










पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: पेंड्रा के सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण में पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत पेंड्रा के पूर्व अध्यक्ष श्री.रामजी श्रीवास, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष नीरज जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष श्री. जनार्दन श्रीवास ने अहिल्याबाई होलकर के जीवन और उनके महान कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जीवन गाथाओं का अध्ययन और उनके आदर्शों का अनुसरण कर समाज में श्रेष्ठ मानव का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्य वक्ता एवं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के जिला संयोजक मथुरा सोनी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर केवल प्रजा पर शासन नहीं करती थीं, बल्कि मातृत्व भाव से उनके हृदय पर राज्य करती थीं। इसी कारण उन्हें “मातोश्री” और “मातेश्वरी” जैसे आदरसूचक नामों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नीरज जैन ने लोकमाता के सेवा, संयम और उदारता के गुणों का उल्लेख करते हुए मंदिरों के जीर्णोद्धार में उनके योगदान पर विचार व्यक्त किए। श्री.रामजी श्रीवास ने त्रिशताब्दी समारोह के अवसर पर विद्यालय के सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकमाता ने न्याय और विवेक के साथ सभी वर्गों के विकास और उत्थान में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने लोकमाता के साहित्य को सभी विद्यालयों में उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य द्वारा किया गया और प्रधानाचार्य श्री हेमंत त्रिवेदी ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से किया गया, जिसमें हिमानी सारथी, प्राची साहू और संतोषी चौधरी ने विशेष भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें सुनील पांडे, सीताराम सारथी, अंगद पांडे, आकाश पाठक, अजय सोनी, संतोष दुबे, श्रीमती गीता सुनातिवारी, आशीष दुबे, पूजा सोनी, श्रीमती मंदाकिनी गुप्ता और मुस्कान बर्मन शामिल थे, उपस्थित रहे। सभी छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ अहिल्याबाई होलकर के जीवन और कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
About The Author
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
Recent Comments