बिहार: BJP नेता विजय सिन्हा ने CM नीतिश कुमार पर साधा निशाना, कहा- ‘जनता ने उन्हें रिजेक्ट किया’
1 min read|
|








लोकसभा चुनाव, 2024 में जीत के लिए भाजपा ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। दरभंगा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। वहीं, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा और बिहार विधानसभा चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी और जनता के आशीर्वाद से देश और बिहार में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। राज्य की जनता ने नीतीश कुमार को रिजेक्ट कर दिया है।
धोखा देना नीतीश कुमार का स्वभाव है – विजय सिन्हा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विजय सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार की पूरी राजनीति दूसरों के कंधों पर चढ़ कर हुई है। उनकी फितरत रही है कि जिन्होंने उनका नेतृत्व किया, उनका समर्थन किया, उनके साथ ही विश्वासघात किया। वर्ष 2013 में उन्होंने भाजपा को धोखा दिया और आरजेडी के साथ गठबंधन किया। फिर वर्ष 2022 में नीतीश कुमार ने जनता के जनादेश का अपमान किया और ‘जंगलराज’ के प्रतीक आरजेडी की गोद में बैठ गए।
‘जनता के बीच नीतीश कुमार की कोई विश्वसनीयता नहीं’
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि हकीकत यह है कि वर्ष 2020 का बिहार विधानसभा चुनाव भाजपा-जदयू ने मिलकर लड़ा था और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने चुनाव से पहले ही नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया था। जेडीयू को 44 सीटें मिलने के बाद भी बीजेपी ने अपना वादा निभाया लेकिन नीतीश कुमार ने धोखा दिया। अब नीतीश कुमार की जनता के बीच कोई विश्वसनीयता नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि बीजेपी ने अटल बिहारी वाजपेयी की केंद्र सरकार में नीतीश कुमार को रेलवे और कृषि जैसे प्रमुख मंत्रालय देकर उनका कद बढ़ाया था। बीजेपी ने हमेशा पूरी निष्ठा से नीतीश कुमार का साथ दिया, लेकिन जब भी मौका मिला नीतीश कुमार ने बीजेपी की पीठ में छुरा घोंपा। छल-कपट शुरू से ही नीतीश कुमार की आदत और स्वभाव रहा है।
About The Author
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space














Recent Comments